मिट्टी जांच को बढ़ावा देने पर जोर, खुदरा उर्वरक विक्रेता बनेंगे तकनीकी रूप से दक्ष
जोधपुर। कृषि विश्वविद्यालय के किसान कौशल विकास केंद्र की ओर से भारत सरकार के गजट नोटिफिकेशन-19 के प्रावधानों के तहत पहली बार विश्वविद्यालय मुख्यालय में 15 दिवसीय “खुदरा उर्वरक विक्रेता प्रशिक्षण” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत ने की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. जैतावत ने कहा कि वर्तमान समय में खेतों में रासायनिक उर्वरकों का अंधाधुंध उपयोग हो रहा है। किसानों को पर्याप्त वैज्ञानिक जानकारी नहीं होने के कारण आवश्यकता से अधिक उर्वरकों का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान खेती संबंधी सलाह के लिए सबसे पहले उर्वरक विक्रेता के पास पहुंचता है। इसलिए विक्रेताओं की जिम्मेदारी है कि वे प्रशिक्षण के माध्यम से वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त करें और किसानों को संतुलित एवं आवश्यकतानुसार उर्वरकों के उपयोग की सही सलाह दें। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से किसानों को मिट्टी एवं जल की जांच के लिए प्रेरित करने का भी आह्वान किया।
वैज्ञानिक खेती का मिलेगा प्रशिक्षण
कार्यक्रम में किसान कौशल विकास केंद्र के प्रभारी डॉ. प्रदीप पगारिया ने बताया कि 15 दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थी उर्वरक विक्रय हेतु प्राधिकार पत्र प्राप्त करने के पात्र होंगे। प्रशिक्षण के दौरान कुल 42 कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा तथा प्री-टेस्ट, मिड-टेस्ट और फाइनल टेस्ट के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को वैज्ञानिक कृषि, मिट्टी स्वास्थ्य प्रबंधन तथा उर्वरकों के संतुलित उपयोग का तकनीकी ज्ञान प्रदान करना है, ताकि वे किसानों को प्रामाणिक एवं वैज्ञानिक सलाह दे सकें।
कार्यक्रम के अंत में केकेवीके की नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका स्वामी ने आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण में पाली, नागौर, भीलवाड़ा, कुचामन, फलोदी, जैसलमेर, बालोतरा सहित विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. मनीष बेड़ा, नीलिमा मकवाना, डॉ. प्रियंका, अनिल यादव एवं तकनीकी सहायक नरहरि जोशी भी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


