More
    Homeराजस्थानजयपुरजोधपुर में रीनीट परीक्षा की तैयारियों का आयोजन समीक्षा, प्रभारी सचिव ने...

    जोधपुर में रीनीट परीक्षा की तैयारियों का आयोजन समीक्षा, प्रभारी सचिव ने दिए सख्त निर्देश

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन प्रबंधन पर भी जोर, पारदर्शी परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश

    जयपुर। रीनीट यूजी-2026 परीक्षा एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जोधपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिला प्रभारी सचिव भवानी सिंह देथा ने गुरुवार को अटल सेवा केंद्र में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

    बैठक में प्रभारी सचिव ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली रीनीट यूजी-2026 परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कदाचारमुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रश्नपत्रों एवं गोपनीय सामग्री की सुरक्षित ढुलाई, अभ्यर्थियों के बायोमीट्रिक सत्यापन, दोहरे स्तर की फ्रिस्किंग, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था तथा सतत निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने बताया कि जोधपुर जिले में 46 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, जहां 15,407 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। जिला कलक्टर आलोक रंजन को जिला स्तरीय समन्वय समिति के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

    प्रभारी सचिव ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में ई-मित्र, फोटोकॉपी और साइबर कैफे जैसी गतिविधियों पर नियमानुसार नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।

    बैठक में 21 जून को सम्राट अशोक उद्यान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने योग संगम पोर्टल पर अधिकाधिक पंजीकरण कर जनभागीदारी बढ़ाने तथा कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के निर्देश दिए।

    सभी उपखंड अधिकारियों को ग्राम पंचायत एवं उपखंड स्तर पर योग दिवस कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की भागीदारी बढ़ाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर योगा मैट, ध्वनि व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।

    प्रभारी सचिव भवानी सिंह देथा ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। उन्होंने रीनीट परीक्षा और योग दिवस दोनों आयोजनों को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

    बैठक में जिला कलक्टर आलोक रंजन, जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी, जिला परिषद सीईओ आशीष कुमार मिश्रा, नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, एडीएम (प्रथम) जवाहर चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here