नर्सिंग कॉलेज के राजस्थान दिवस समारोह में विजेताओं का सम्मान, मंत्री ने युवाओं को दिया प्रेरणा संदेश
अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरुवार को राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय तिजारा द्वारा महावर ऑडिटोरियम में आयोजित खेल एवं सांस्कृतिक सप्ताह-2026 के समापन समारोह एवं राजस्थान दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मंत्री शर्मा ने नव संवत्सर, नवरात्र एवं राजस्थान स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सक और नर्सिंगकर्मी धरती पर भगवान के समान हैं, जो मरीजों को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कोरोना काल में चिकित्साकर्मियों द्वारा निभाई गई सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मानवता की सेवा की। साथ ही उन्होंने बताया कि रामगढ़ क्षेत्र के ढाढ़ोली गांव में नर्सिंग महाविद्यालय भवन तैयार हो चुका है, जहां जल्द ही नए संकाय शुरू किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
मंत्री शर्मा ने महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित खेल, भ्रमण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया और टाइगर रिजर्व रणथम्भौर एवं सरिस्का के नि:शुल्क भ्रमण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में टीम खेल प्रतियोगिताओं जैसे खो-खो, क्रिकेट, रस्साकस्सी एवं कबड्डी के विजेताओं को ट्रॉफी एवं मोमेंटो प्रदान किए गए। वहीं बैडमिंटन, दौड़, शतरंज और कैरम जैसे एकल खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को गोल्ड, द्वितीय को सिल्वर एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को ब्रॉन्ज मेडल देकर सम्मानित किया गया।
राजकीय नर्सिंग कॉलेज तिजारा के प्राचार्य राजपाल यादव ने महाविद्यालय की वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी तथा अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील चौहान, मेडिकल कॉलेज के डीन दिनेश सूद, प्राचार्य अशोक आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


