More
    Homeराजस्थानअलवरतिजारा में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित, 232 युवाओं का हुआ प्राथमिक...

    तिजारा में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित, 232 युवाओं का हुआ प्राथमिक चयन

    600 से अधिक बेरोजगारों ने लिया भाग, निजी क्षेत्र की 14 कंपनियों ने किए साक्षात्कार

    तिजारा।
    जिला प्रशासन एवं कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग खैरथल-तिजारा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), तिजारा में एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर (रोजगार मेला) का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।

    कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान पंचायत समिति तिजारा जयप्रकाश यादव एवं वार्ड नंबर 22 के पार्षद सुल्तान सिंह पालीवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार तिजारा कृष्ण सिंह यादव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उद्घाटन के पश्चात जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

    14 प्रतिष्ठानों ने की भागीदारी, 232 युवाओं का चयन

    रोजगार मेले में 600 से अधिक बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया, जिनमें भिवाड़ी, टपूकड़ा, दिल्ली, नीमराणा और बावल सहित आसपास के क्षेत्रों से आए युवक-युवतियाँ शामिल थे। मेले में 14 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लिया और मौके पर ही युवाओं का साक्षात्कार किया गया। परिणामस्वरूप, 232 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया।

    आईटीआई अधिकारियों ने जताया आभार

    औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तिजारा की सहायक निदेशक प्रशिक्षक मीताक्षी गोयल एवं आईटीआई किशनगढ़बास के अधीक्षक मनोज जांगिड़ ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।


    यह रोजगार मेला न केवल युवाओं के लिए रोजगार का माध्यम बना, बल्कि निजी क्षेत्र और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की सफल मिसाल भी साबित हुआ।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here