लाहाकाबास गांव के पास खेत किनारे मिला शव, पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
थानागाजी। थाना क्षेत्र के लाहाकाबास गांव में गुरुवार को 32 वर्षीय युवक का शव खेत के पास स्थित नाले के समीप मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान रोशन बलाई (32) पुत्र रामसहाय निवासी लाहाकाबास के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार वह पिछले दो दिनों से लापता था।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
ग्रामीणों के अनुसार गांव का एक व्यक्ति खेत की ओर गया था। उसी दौरान नाले के पास शव दिखाई देने पर उसने अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना पर थानागाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर चिकित्सालय भिजवाया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शव करीब दो दिन पुराना होने की आशंका है।
पुलिस विभिन्न पहलुओं से कर रही जांच
पुलिस के अनुसार ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि मृतक नशे का सेवन करता था। प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि वह किसी कारणवश नाले में गिर गया हो, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


