मोटरसाइकिल पर थूकने का विवाद: सिर पर वार कर युवक गंभीर घायल
रामगढ़। अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के ललावड़ी गांव में मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। मोटरसाइकिल पर थूकने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार फिलहाल अलवर ज़िला अस्पताल में जारी है।
पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार घायल युवक सुनील अपने घर के पास खड़ा था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर किसी ने थूक दिया। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो गांव की बादामी नामक महिला नाराज हो गई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि बादामी ने अपने परिजनों बच्चू ज्योति और लोकेश को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर सुनील के साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार लोकेश ने कुल्हाड़ी से सुनील के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आरोपी युवक को घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन घायल को तुरंत रामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष ने रामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मेडिकल जांच कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


