चिंतन बैठक में 125वें स्थापना वर्ष जैन तीर्थक्षेत्र कार्यक्रम को भव्य बनाने पर चर्चा
अयोध्या। भगवान ऋषभदेव जन्मभूमि दिगम्बर जैन मंदिर में भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी की चिंतन बैठक 10 मई को सम्पन्न हुई। यह बैठक परमपूज्य गणिनीप्रमुख ज्ञानमती माताजी के ससंघ सान्निध्य में आयोजित की गई, जिसमें कमेटी के 125वें स्थापना वर्ष को प्रभावशाली रूप से मनाने पर विस्तृत मंथन हुआ।

बैठक का शुभारंभ प्रतिष्ठाचार्य विजय कुमार जैन द्वारा मंगलाचरण के साथ किया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन राष्ट्रीय अध्यक्ष जम्बू प्रसाद जैन, महामंत्री संतोष पेंढ़ारी, कोषाध्यक्ष अशोक दोशी एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जम्बू प्रसाद जैन ने 125 वर्षीय कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की योजना साझा की। वहीं शतकोत्तर रजत जयंती वर्ष समिति के चेयरमैन जवाहरलाल जैन ने भी कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए कई सुझाव दिए।
तीर्थक्षेत्र कमेटी के राष्ट्रीय मंत्री हसमुख गांधी ने प्रांतीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रमों के समन्वय की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। मध्यप्रदेश अंचल के अध्यक्ष डी.के. जैन ने भी अपने विचार रखते हुए प्रदेश स्तर पर कार्यक्रमों के आयोजन की रणनीति साझा की।
बैठक के दौरान डॉ. जीवन प्रकाश जैन ने “तीर्थ चक्रवर्ती” योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये राशि निर्धारित की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को तीर्थक्षेत्र कमेटी से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम में गणिनीप्रमुख ज्ञानमती माताजी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक समिति में अंतरंग परिषद, बाह्य परिषद एवं सामाजिक परिषद का गठन होना चाहिए, जिससे समाज और तीर्थों के विकास को गति मिल सके। उन्होंने प्राचीन तीर्थों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया।
अयोध्या तीर्थ क्षेत्र के पीठाधीश स्वस्तिश्री रवीन्द्रकीर्ति स्वामीजी ने कहा कि 125वें स्थापना वर्ष का आयोजन ऐसा होना चाहिए, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन 22 और 23 अक्टूबर 2026 को मथुरा चौरासी में किया जाएगा, जिसके बाद पूरे देश में विभिन्न आयोजन होंगे।
बैठक में संजय जैन पापड़ीवाल, प्रद्युम्न जैन, सुनील जैन सर्राफ, मनोज जैन, राकेश जैन, सुनयना जैन, मीनू जैन, रमाकांत जैन, वीरेश जैन सेठ, राजकुमार जैन कोठारी, संजय जैन ठोलिया सहित विभिन्न राज्यों के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


