More
    Homeराजस्थानजयपुरदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार...

    देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार की जवाबदेही पूरी तरह शून्य- जूली

    पेपर लीक जवाबदेही के सवालों के बीच धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग तेज

    जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले को जानबूझकर दबाने का प्रयास किया गया और देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। जयपुर स्थित राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय, इंदिरा गांधी भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की।

    प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद रहे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लगातार तीन वर्षों से नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर पूरे देश में सवाल उठ रहे हैं, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

    टीकाराम जूली ने कहा कि देशभर में पेपर लीक के मामलों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और सरकार जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों के नाम इस मामले में सामने आ रहे हैं और आरोपियों के साथ कई नेताओं की तस्वीरें भी सामने आई हैं। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर नौ दिनों तक मामला दर्ज क्यों नहीं किया गया और किसके दबाव में कार्रवाई रोकी गई।

    नेता प्रतिपक्ष ने राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयानों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले को “कोई बड़ी बात नहीं” बताना युवाओं और अभिभावकों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पेपर लीक माफिया को बचाने का काम कर रही है।

    उन्होंने कहा कि राजस्थान में पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून लागू है, जिसमें आजीवन कारावास और भारी जुर्माने का प्रावधान है। संभवतः इसी वजह से राजस्थान में एफआईआर दर्ज करने से बचने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि छोटे आरोपियों पर कार्रवाई करके बड़े लोगों को बचाया जा रहा है।

    टीकाराम जूली ने पूर्व में हुए पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर मामलों को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी इन मामलों को नकल बताया गया तो कभी “गेस पेपर” कहकर टालने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और छात्रों के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here