अलवर में आध्यात्मिक आयोजन, भारत विकास परिषद ने कराया ध्यान योग
अलवर। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भारत विकास परिषद की अलवर शाखा द्वारा ध्यान योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद स्मारक परिसर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के पास आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में परिषद सदस्यों और नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे ध्यान योग सत्र से हुई। शाखा अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के कारण लोग मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान रहते हैं। उन्होंने बताया कि ध्यान योग तनाव से मुक्ति पाने का सरल और प्रभावी माध्यम है, जिससे मन को शांति और शरीर को ऊर्जा प्राप्त होती है।
समाजसेवी एवं ध्यान योग गुरु डॉ. एस. सी. मित्तल ने बुद्ध पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों को शरीर के आठ चक्रों की जानकारी दी। इसके बाद प्राणायाम और योग अभ्यास के माध्यम से सभी को ध्यान योग के लिए तैयार किया गया। ॐ ध्वनि के उच्चारण के साथ ध्यान योग सत्र का संचालन किया गया, जो लगभग आधे घंटे तक चला।
कार्यक्रम के समापन पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर केसर युक्त खीर का भोग लगाया गया तथा उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के दौरान आध्यात्मिक और सकारात्मक वातावरण बना रहा।
परिषद की ओर से आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 3 मई 2026 को प्रातः 6 बजे विश्व हास्य दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद बुद्ध विहार स्थित कांजी हाउस गौशाला में गौ स्वामणि कार्यक्रम आयोजित होगा। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए पक्षियों के लिए मिट्टी के परिंडे लगाए जाएंगे तथा परिंडा वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष गिरीश गुप्ता, सचिव अशोक कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष लोकेश गोयल, जिला समन्वयक राधेश्याम, संस्कार संयोजक राधारमण सोनी, उमाशंकर गुप्ता, चंद्रप्रकाश गुप्ता, रामचंद्र अग्रवाल, अल्का मित्तल, मिट्ठन लाल गुप्ता, शकुन गुप्ता, सुधा गुप्ता और साधना गुप्ता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


