खैरथल-तिजारा पुलिस की कार्रवाई, चोरी की नकदी और जेवरात बरामद
खैरथल-तिजारा। राजस्थान के खैरथल क्षेत्र में पुलिस ने नकबजनी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की नकदी और जेवरात बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने लगातार सीसीटीवी फुटेज की जांच, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल 2026 की रात जसोरिया कॉलोनी स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाया गया था। बदमाश मकान में घुसे और कमरे तथा अलमारी के ताले तोड़कर करीब 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर मकान मालिक ने ताले टूटे देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद खैरथल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी संदिग्ध गतिविधियों के साथ नजर आए। इसके आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपेश कुमार उर्फ मुकेश निवासी जिगनापाड़ा, भरतपुर तथा दिनेश कुमार उर्फ सेठी उर्फ भाऊ निवासी विनायपन गेट, भरतपुर के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ भरतपुर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य आपराधिक मामलों के कई प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले बंद और सुनसान मकानों की रेकी करते थे और फिर रात के समय वारदात को अंजाम देते थे।
थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। शनिवार शाम आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पुलिस ने चोरी की वारदात का पुनर्निर्माण भी कराया।
मामले के खुलासे में थाना पुलिस, डीएसटी टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से साइबर सेल के कांस्टेबल हरीश कुमार के कार्य की सराहना की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


