अकबरपुर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, पिता गंभीर हालत में जयपुर रेफर; ट्रक छोड़ चालक फरार
अलवर। जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में मालाखेड़ा रोड स्थित नटनी के बारा के पास बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक के परिजन शिवराम गुर्जर ने बताया कि दिनेश गुर्जर (26) निवासी चांद पहाड़ी अपने पिता सर्रजीवन गुर्जर के साथ बाइक से ढेलावास गांव जा रहे थे। परिवार के एक रिश्तेदार का निधन होने पर दोनों नहाण (अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्म) में शामिल होने के लिए निकले थे।
इसी दौरान मालाखेड़ा रोड पर नटनी के बारा के पास सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय, अलवर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दिनेश गुर्जर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पिता सर्रजीवन गुर्जर की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ-साथ फरार चालक की तलाश जारी है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में मातम छा गया है। गांव में भी शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई और यातायात नियमों के सख्ती से पालन की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

