निरीक्षण में जल जीवन मिशन और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्ध कार्यों पर जोर
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने उमरैण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्थाओं तथा शहर में स्वच्छता व विकास कार्यों का सघन निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत बनाए गए उच्च जलाशय एवं स्वच्छ जलाशय का अवलोकन किया और पेयजल सप्लाई व्यवस्था को परखा। इसके बाद भूगोर क्षेत्र में निर्माणाधीन जलाशय एवं पाइपलाइन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।

जिला कलक्टर ने स्पष्ट कहा कि पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने पाइपलाइन लीकेज की शिकायत मिलते ही तुरंत मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शहर में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने रूपबास स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास बने शौचालय का जायजा लिया और नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के मानकों के अनुरूप सभी शौचालयों का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद उन्होंने भवानी तोप सर्किल, ईटाराणा चौराहा, हनुमान चौराहा, अग्रसेन चौराहा, भगतसिंह चौराहा होते हुए परशुराम चौराहे तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि खाली भूखंडों में कचरा पाए जाने पर उनके मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा दुकानों के सामने गंदगी फैलाने वालों पर भी जुर्माना लगाया जाए।
जिला कलक्टर ने एनकेपी फंड से हो रहे रोड सोल्डरिंग और पौधारोपण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अखैपुरा स्थित सरकारी स्कूल के खाली भवन का निरीक्षण कर उसे स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग के लिए उपयोग में लेने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका सहित जलदाय विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


