महावीर निर्वाण महोत्सव पर महावीर भवन में तेला-पोषध की साधना, अन्य श्रद्धालुओं ने भी किया उपवास; सरकार की अधिसूचना पर जताई चिंता
अलवर। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव पर अहिंसा और जीवदया का संदेश देते हुए जैन स्थानक महावीर भवन में श्रद्धालुओं ने नीलगायों की प्राण रक्षा के लिए विशेष धार्मिक साधना की। श्रद्धालु संजय भारद्वाज ने नीलगायों को जीवनदान देने की प्रार्थना के साथ लगातार तीन दिन तक तेला-पोषध का उपवास किया। वहीं अन्य श्रद्धालुओं ने भी एक दिन का उपवास, आयंबिल, एकासना और पोषध की साधना कर अरिहंत परमात्मा से वन्यजीवों की रक्षा और शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर जैन स्थानक में चातुर्मास कर रहीं जैन महासाध्वी श्री हर्षिता जी महाराज ने नीलगायों के जीवन पर मंडरा रहे संकट को लेकर गहरी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संसार में दया, करुणा और अहिंसा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। गौ माता की तरह नीलगाय भी प्रकृति का एक निरीह जीव है और उसे भी इस धरती पर जीने का पूरा अधिकार है। मनुष्य को प्रत्येक जीव के प्रति करुणा का भाव रखना चाहिए। जीवों पर दया करके ही हम अपना भव सुधार सकते हैं।
सरकारी प्रावधानों पर जताई चिंता
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली नीलगाय के संबंध में विशेष परिस्थितियों में नियंत्रित कार्रवाई की अनुमति देने के कानूनी प्रावधान मौजूद हैं। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत जारी अधिसूचनाओं के अनुसार अधिकृत अधिकारी की अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई की जा सकती है। यह नीलगाय को मारने की सामान्य या स्वतः मिलने वाली अनुमति नहीं है।
इसी व्यवस्था को लेकर जीवदया प्रेमियों और जैन समाज के श्रद्धालुओं में चिंता है। उनका मानना है कि फसलों की सुरक्षा के साथ वन्यजीवों के जीवन की रक्षा के लिए भी मानवीय और अहिंसक विकल्पों पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।
भगवान महावीर ने समस्त जीवों के प्रति मैत्री, करुणा और अहिंसा का संदेश दिया था। श्रद्धालुओं की यह साधना उसी संदेश को जीवन में उतारने और नीलगायों सहित सभी मूक प्राणियों के संरक्षण के प्रति समाज में संवेदनशीलता जगाने का प्रयास रही।


