एनएच-148बी इंटरकॉरिडोर कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा पर कलेक्टर का फोकस
अलवर। जिले में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन पनियाला-अलवर-बडौदामेव इंटरकॉरिडोर एनएच-148बी के कार्यों का मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने एक्सप्रेस-वे निर्माण के अंतर्गत ग्राम गाजीका, बगडवेम, जुगरावर और शीतल क्षेत्र में इंटरचेंज व फ्लाईओवर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, संभावित पूर्णता अवधि और कार्य में आ रही बाधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। साथ ही, परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को इसका लाभ जल्द मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने एक्सप्रेस-वे पर रोड सेफ्टी मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर साइनेज, संकेतक बोर्ड और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रावधानों का समुचित प्रबंध किया जाए। इसके अलावा एक्सप्रेस-वे के आसपास हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए गए।
उल्लेखनीय है कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत इस इंटरकॉरिडोर का निर्माण लगभग 784 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद अलवर से दिल्ली और मुंबई तक की यात्रा अधिक सुगम और समयबद्ध हो जाएगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), पीआईयू, कंसल्टेंट और निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


