More
    Homeराजस्थानअलवरपिछली जिला स्तरीय जनसुनवाइयों की 99.47 फीसदी शिकायतें निपटी, इस बार पुन:...

    पिछली जिला स्तरीय जनसुनवाइयों की 99.47 फीसदी शिकायतें निपटी, इस बार पुन: आई 135 समस्याएं

    अलवर। गत जिला स्तरीय जनवाइयों में आई परिवेदनाओं में प्रशासन ने 99.47 फीसदी का निपटारा कर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल करने में कामयाबी पाई, लेकिन लोगों की समस्याओं में कमी नहीं आ सकी है, इसी का नतीजा है कि शुक्रवार को मिनी सचिवालय में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय जनसुनवाई में ​िफर से 135 लोग अपनी परिवेदना लेकर पहुंचे। जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं में बिजली, पानी, सड़क, रास्तों आदि की परिवेदनाएं ज्यादा रही।

    जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने फरियादियों की परिवेदना सुन अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी जिला स्तरीय जनसुनवाई, राजस्थान सम्पर्क पोर्टल व अन्य माध्यम से मिलने वाले प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े उपखण्ड स्तरीय अधिकारियों से परिवेदनाओं के संदर्भ में तथ्यात्मक स्थिति का फीडबैक लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
    मुख्य सचिव ने वीसी से लिया फीडबैक
    जनसुनवाई के दौरान वीसी के माध्यम से जुड़े मुख्य सचिव सुधांश पंत ने गत जनसुनवाई में आए प्रकरणों के संबंध में जिला कलक्टर से फीडबैक लिया। उन्होंने अलवर जिले में गत जनसुनवाइयों के 99.47 प्रतिशत प्रकरणों के निस्तारण की मॉनिटरिंग प्रक्रिया की जानकारी भी ली। जिला कलक्टर ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि जिला प्राासन द्वारा सम्पर्क पोर्टल की हैंडलिंग के संबंध में अधीनस्थ स्टाफ का प्रशिक्षण आयोजित कराया गया तथा साप्ताहिक बैठकों में प्रकरणों के निस्तारण की नियमित समीक्षा कर प्रभावी मॉनिटरिंग की गई। उल्लेखनीय है कि गत जनसुनवाइयों के  99.47 प्रतिशत प्रकरणों का निस्तारण कर अलवर जिला प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा है।
    जनसुनवाई में ये आईं प्रमुख परिवेदनाएं
    जिला कलक्टर के समक्ष जिलेभर से आए 135 फरियादियों ने अपनी परिवेदना प्रस्तुत की, जिनमें मुख्य रूप से राजस्व की अतिक्रमण हटाने से संबंधित, पुलिस, नगर निगम, यूआईटी, जिला परिषद, विद्युत, जलदाय आदि विभागों की परिवेदनाएं प्रस्तुत की गई। जनसुनवाई में शहर के दिल्ली दरवाजा बाहर गंगा मंदिर के पास, स्कीम नं. 4 राजेन्द्र नगर, कटीघाटी स्थित श्रीराम कॉलोनी व शिव कॉलोनी में सुचारू पेयजल आपूर्ति कराने की परिवेदनाएं प्रस्तुत की गई। जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश दिए कि परिवेदनाओं का त्वरित निराकरण करने के साथ जिले में सुचारू पेयजल आपूर्ति कराने के निर्देश दिए।
    इसी प्रकार शहर के बल्लाबोडा कच्ची बस्ती वार्ड नं. 1 में क्षतिग्रस्त सडक दुरूस्त कराने, 200 फुट रोड वार्ड नं. 56 में रोड लाइट लगाने, रोड बनवाने एवं पानी की लाइन ठीक करवाने, मुख्य बाजार रोड नं. 2 मेव बोर्डिंग के पास कचरा पॉइंट को हटवाने व क्षतिग्रस्त सडक दुरूस्त कराने, कटी घाटी के पास राजगढ रोड, वार्ड नं. 33 जयपुर रोड पर वर्षा जल का भराव का निराकरण कराने, कालाकुआं स्थित मोहल्ला सेठ की बावडी में नालों से अतिक्रमण हटवाने की परिवेदना पर उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये कि परिवेदनाओं का शीघ्र निस्तारण कराएं। वहीं मालाखेडा के ग्राम कुशलपुरा में चारागाह भूमि (जोहड), लक्ष्मणगढ के ग्राम झालाटाला, मालाखेडा के ग्राम लीली एवं रैणी के ग्राम खिरनी खोहरा, ग्राम उकेरी व ग्राम भूलेरी में आम रास्ते से अतिक्रमण हटवाने की परिवेदनाएं प्रस्तुत किए जाने पर जिला कलक्टर ने संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here