More
    Homeराजस्थानकोटाकोटा में शॉपिंग सेंटर बना आग का गोला, दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत...

    कोटा में शॉपिंग सेंटर बना आग का गोला, दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत से बुझाई आग

    कोटा। शहर के गुमानपुरा स्थित शॉपिंग सेंटर के मोटर मार्केट में मंगलवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब इमारत से धुआं उठता देखा। तो तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

    सात दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

    नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने जानकारी दी कि आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक कुल सात दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। करीब 30 फायरफाइटर्स ने चारों तरफ से मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। स्थिति की नजाकत को देखते हुए दमकल कर्मियों ने लेटर का उपयोग किया और खिड़की-दरवाजे तोड़कर अंदर पानी के पाइप पहुंचाए। जिससे आग पर प्रभावी ढंग से पानी की बौछार की जा सके।

    ऑटो पार्ट्स और तेल होने से तेजी से फैली आग

    जिस दुकान में यह हादसा हुआ। वहाँ सीट कवर, चाइना एक्सेसरीज, ऑयल और ऑटो पार्ट्स का भारी स्टॉक रखा हुआ था। दुकान में ज्वलनशील सामान और तेल होने के कारण आग ने पलभर में ही विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में भारी अफरा-तफरी मच गई।

    दुकान मालिक का बयान

    दुकान के मालिक अब्दुल मुजीब ने बताया कि इस प्रतिष्ठान में सीट कवर, चाइना एक्सेसरीज और ऑयल का कारोबार होता है तथा यहाँ सामान का गोदाम भी बना हुआ है। इस दुर्घटना में बड़े पैमाने पर सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। हालांकि नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने और जाँच के बाद ही सामने आ पाएगा।

    संकरा रास्ता बना चुनौती, टला बड़ा हादसा

    फायर अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते त्वरित कार्रवाई नहीं की जाती। तो आग पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले सकती थी। गनीमत यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

    शॉपिंग सेंटर का इलाका काफी तंग और संकरा होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुँचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद फायरफाइटर्स ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। शुरुआती जाँच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होना बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की छानबीन कर रहे हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here