साझा संसार की बैठक में हुई घोषणा
भोपाल। हिंदी भाषा, साहित्य, संस्कृति और कला के वैश्विक प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए साझा संसार फाउंडेशन ने वर्ष 2025 का प्रथम ‘साझा संसार अंतर्राष्ट्रीय सम्मान’ प्रख्यात साहित्यकार और शिक्षाविद संतोष चौबे को देने की घोषणा की है।
यह निर्णय 27 जुलाई को आयोजित साझा संसार फाउंडेशन की ऑनलाइन बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष रामा तक्षक ने की। बैठक में नीदरलैंड्स से विश्वास दुबे, शिवांगी शुक्ला, मनीष पाण्डेय, आशीष कपूर; स्विट्जरलैंड से हर्षिता वाजपेयी; अमेरिका से विनीता तिवारी तथा भारत से राजेन्द्र शर्मा ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल के कुलाधिपति, विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय महोत्सव के निदेशक, वनमाली सृजनपीठ के संस्थापक और वनमाली कथा के प्रधान संपादक संतोष चौबे को उनके बहुआयामी रचनात्मक योगदान के लिए इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
यह सम्मान न केवल हिंदी साहित्य के क्षेत्र में एक नई पहल है, बल्कि विश्व मंच पर भारतीय संस्कृति और भाषा के प्रभाव को रेखांकित करने का एक सशक्त प्रयास भी माना जा रहा है।
साझा संसार फाउंडेशन द्वारा यह सम्मान प्रति वर्ष ऐसे व्यक्तित्व को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने हिंदी भाषा, साहित्य, संस्कृति या कला के वैश्विक स्तर पर संवर्धन और प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो।