More
    Homeराजनीतिप्रधानमंत्री मोदी के वादे हवा हवाई, जनता को बड़े सपने दिखाकर आए...

    प्रधानमंत्री मोदी के वादे हवा हवाई, जनता को बड़े सपने दिखाकर आए थे सत्ता में — डोटासरा

    अलवर. कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी ने अपने 11 साल के प्रधानमंत्री कार्यकाल में जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। जबकि वे जनता को बड़े— बड़े सपने दिखाकर और बड़े— बड़े वादे कर सत्ता में आए थे। हालत यह है कि मोदी अब इन वादों पर बात तक नहीं करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आपरेशन सिंदूर का एक भी लक्ष्य पूरा नहीं हुआ और भाजपा सरकार ने अमरीका के दबाव में आकर सीजफायर कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस व भाजपा संविधान में दी गई आजादी, लोकतंत्र, धर्मनिरेक्षता, समानता, चुनावी व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देश की जनता भाजपा के झूठ को हराकर रहेगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा शनिवार को अलवर के होटल स्वरूप विलास के मैदान पर पार्टी की संविधान बचाओ रैली को सम्बोधित कर रहे थे।

    संविधान बचाओ रैली में डोटासरा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार केन्द्र की एजेन्सियों का दुरुपयोग कर रही है।  उन्होंने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे अब तक 80 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन आपरेशन सिंदूर के समय जब जरुरत पड़ी तब एक भी देश भारत के पक्ष में नहीं बोला। मोदी सरकार ने व्यापार डील के लिए अमरीका के दबाव में आकर सीजफायर कर दिया। जबकि पहलगाम में निर्दोष लोगों की हत्या करने वालों में एक को भी नहीं पकड़ा जा सका, एक भी अंतरराष्टीय आतंकवादी को भारत नहीं लाया जा सका।
    राज्य सरकार तय सीमा से ज्यादा कर्ज ले चुकी
    कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का खजाना खाली है, सरकार आरबीआई से सीमा से ज्यादा कर्ज ले चुकी है। भजनलाल सरकार का बजट केवल भाषण तक सीमित है। सीएम भजनलाल अपने विवेक से कोई काम नहीं कर पाते। प्रदेश में प्रशासन नाम की चीज नहीं रह गई। प्रदेश में विकास के कोई काम नहीं हो रहे, सड़कों का बुरा हाल है। सीएम का एक भी टवीट देखने को नहीं मिलता कि बारिश के दौरान सरकार की ओर से लोगों की जानमाल की रक्षा के लिए क्या प्रबंध किए गए। इस सरकार के प्रभारी मंत्री अपने जिलों की सुध नहीं ले रहे।
    भाजपा संविधान के बजाय मनमर्जी से कर रही काम
    डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को खत्म क रने का काम कर रही है। प्रदेश में पंचायत, निकायों के चुनाव नहीं कराए जा रहे, जबकि संविधान में ये सभी चुनाव 5 साल में कराने की व्यवस्था है। भाजपा सरकारें संविधान के बजाय मनमर्जी से काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस ने संविधान की प्रतियां जलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक बार झूठ चल गया, लेकिन कांग्रेस अब ऐसा नहीं होने देगी। डोटासरा ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान आशंका थी कि भाजपा के लोग संविधान को बदल देंगे, इसके चलते कांग्रेस ने जनता के सामने अपनी बात रखी। राजस्थान में लोगों ने कांग्रेस की बात सुनी और 11 सीटें पार्टी को दी।
    भाजपा देश को तोड़ने का काम कर रही
    कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदरसिंह रंधावा ने कहा कि जो लोग संविधन को बदलने की बात करते हैं, वे असल में देश को तोड़ने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह भी पता नहीं कि देश कैसे आजाद हुआ। जबकि संविधान को बचाने और देश को आजादी दिलाने में कांग्रेस ने कुर्बानी दी। रंधावा ने कहा कि राजस्थान में प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा की जोड़ी भाजपा को खत्म करने में सक्षम है।
    भाजपा सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही
    संविधान बचाओ रैली में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा ने महाराष्ट्र, बिहार, बंगाल में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई है। जो लोग बाहर काम करने गए हैं, उनके वोट काट दिए गए। भरतपुर में डेढ़ साल से जिला प्रमुख के चुनाव नहीं हुए, यह संविधान का उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स का दुरुपयोग कर रही है। जूली ने कहा कि सरिस्का के सीटीएच क्षेत्र को कम करने की साजिश चल रही है। उन्होंने इस मामले में बड़े भ्रष्टाचार की आशंका जाहिर कर कहा कि सीटीएच को बदलने के प्रयास के विरोध में कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट तक जाएगी।
    भाजपा संविधान को कमजोर कर रही
    पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा देश के संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में अलवर का अहम रोल रहा है। उन्होंने कहा कि अलवर के पूर्व महाराज जय सिंह आजादी के संघर्ष में बड़ी भूमिका रही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरिस्का में आदिवासियों को हटाकर उनकी जमीन अडानी को देने के प्रयास में जुटी है। देश को तानाशाही और भय से मुक्ति दिलाने के लिए एक और आज़ादी की लड़ाई लड़नी होगी। रैली में पीसीसी उपाध्यक्ष रमेश खंडेलवाल, विधायक ललित यादव, कांति प्रसाद मीणा, मांगेलाल मीणा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here