More
    Homeप्रधान के बाद उप प्रधान पद पर भी महिला का कब्जा

    प्रधान के बाद उप प्रधान पद पर भी महिला का कब्जा

    किशनगढ़ बास पंचायत समिति की दोनों कमान महिलाओं के हाथ, कांग्रेस की सावित्री देवी ने भाजपा के टिकेश कुमार को 5 वोटों से हराया

    पहली बार लड़ीं चुनाव और पहली बार में ही बनीं उप प्रधान, 12-7 से दर्ज की जीत

    किशनगढ़ बास। पंचायत समिति किशनगढ़ बास में अब सत्ता पूरी तरह महिलाओं के हाथ में है। शुक्रवार को प्रधान पद पर कांग्रेस की सकुनत के निर्विरोध चुने जाने के बाद शनिवार को उप प्रधान के चुनाव में भी कांग्रेस की सावित्री देवी ने जीत हासिल कर ली। उन्होंने भाजपा के टिकेश कुमार को 5 वोटों से हराकर उप प्रधान की कुर्सी पर कब्जा कर लिया। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम सत्यवीर सिंह यादव ने सावित्री देवी को विजयी घोषित किया। अब प्रधान और उप प्रधान दोनों पदों पर महिलाएं काबिज हैं। कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है।

    वार्ड नंबर 2 से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतीं सावित्री देवी पर कांग्रेस ने भरोसा जताया और उन्हें उप प्रधान पद के लिए प्रत्याशी बनाया। दूसरी तरफ भाजपा से टिकेश कुमार ने पर्चा दाखिल किया। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 12 मत मिले और भाजपा प्रत्याशी को केवल 7 वोट प्राप्त हुए। इस तरह सावित्री देवी ने 5 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। मतदान के बाद जैसे ही नतीजा घोषित हुआ, समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।

    सावित्री देवी बीए, बीएड हैं। उनके पति रामवीर गुर्जर किशनगढ़ बास में वकील हैं। सावित्री देवी पहली बार चुनाव लड़ीं और पहली बार में ही उप प्रधान की कुर्सी हासिल कर ली। पढ़े-लिखे और कानून को समझने वाले परिवार से आने वाली सावित्री देवी से क्षेत्र के लोगों को काफी उम्मीदें हैं।

    शुक्रवार को सकुनत का निर्विरोध प्रधान बनना और शनिवार को सावित्री देवी का उप प्रधान बनना, यह सिर्फ कांग्रेस की जीत नहीं है। यह महिला शक्ति की जीत है। पंचायत समिति में अब दो युवा, शिक्षित महिलाएं नेतृत्व करेंगी। एक तरफ 26 वर्षीय एमएससी एग्रीकल्चर सकुनत हैं, तो दूसरी तरफ बीए-बीएड सावित्री देवी। दोनों का समीकरण विकास के लिए मजबूत माना जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि प्रधान और उप प्रधान दोनों महिलाओं के होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, सड़क और महिला सशक्तीकरण के मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी।

    उप प्रधान पद पर निर्वाचित सावित्री देवी परिवार व समर्थकों के साथ विधायक दीपचंद खेरिया के यहां पहुंचीं और आशीर्वाद लेकर आभार जताया। किशनगढ़ बास पंचायत समिति में लगातार दूसरी बार कांग्रेस का प्रधान बना है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here