जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए मारपीट के आरोप
राजगढ़। अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के आम की वाल मोहल्ले में प्लॉट पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि वह खूनी संघर्ष में बदल गया। इस झगड़े में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार आम की वाल निवासी सावित्री देवी ने बताया कि उन्होंने धनपाल के परिवार से एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि अब धनपाल का परिवार दोबारा उस जमीन पर कब्जा करना चाहता है। जब वे अपने पैसे वापस मांगते हैं तो उनके साथ मारपीट की जाती है। यह मामला फिलहाल कोर्ट में भी विचाराधीन है। सावित्री देवी के अनुसार हमले में उनके पति लक्ष्मण सैनी सहित उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं दूसरे पक्ष के धनपाल का कहना है कि उन्होंने प्लॉट जरूर बेचा था, लेकिन खरीदार पक्ष प्लॉट के अलावा करीब 10 फीट अतिरिक्त जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। इसका विरोध करने पर उन पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें उनकी पत्नी मंजू, माता लाली देवी और भाई बबलू घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अलवर रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


