वोटिंग के बीच बवाल: उम्मीदवारों पर हमले, पथराव और लाठीचार्ज की घटनाएं
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से हिंसा और झड़पों की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन की चौकसी के बावजूद कई जिलों में हालात तनावपूर्ण बने रहे।
दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि वे बूथ पर धांधली की शिकायत लेकर पहुंचे थे, तभी भीड़ ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और उनके साथ मारपीट भी हुई।
मुर्शिदाबाद जिले के नौदा क्षेत्र में हुमायूं कबीर के पहुंचने पर टीएमसी समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और लाठी-डंडे चले। काफिले की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया, जिसके बाद कबीर मौके पर धरने पर बैठ गए।
कूचबिहार के तूफानगंज में मतदाताओं को डराने की शिकायतों के बाद केंद्रीय बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं मालदा के मोथाबाड़ी में EVM खराब होने और अधिकारियों के देर से पहुंचने पर भीड़ ने हंगामा किया। हरिश्चंद्रपुर में टीएमसी के दो गुटों के बीच झड़प में पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ हुई।
जामुड़िया में एक निजी वाहन में रिजर्व EVM मिलने की खबर से विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने इसे चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल बताया। वहीं आसनसोल में टीएमसी नेता मलय घटक ने भाजपा पर बाहरी राज्यों से लोगों को लाकर मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाया।
सिलीगुड़ी में भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष की मौजूदगी में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसे केंद्रीय बलों ने नियंत्रित किया।
हिंसा की घटनाओं के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। दोपहर 3 बजे तक राज्य में लगभग 78.77% मतदान दर्ज किया गया। दक्षिण दिनाजपुर में सबसे अधिक 81.49% मतदान हुआ, जबकि दार्जिलिंग में 76.54% मतदान दर्ज हुआ।
चुनाव आयोग ने सभी संवेदनशील क्षेत्रों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब सभी की नजरें 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान पर टिकी हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


