हादसे मे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत, पुलिस जांच में जुटी
अलवर। शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में स्थित बख्तल चौकी के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान रघुनंदन सिंह पुत्र भूप सिंह, जिला करौली निवासी के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 15 वर्षों से अलवर के देसूला क्षेत्र में रहकर मजदूरी कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार रघुनंदन सिंह किसी निजी कार्य से देसूला से बख्तल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बख्तल चौकी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अलवर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के जीजा गोविंद सिंह ने बताया कि रघुनंदन सिंह अविवाहित थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मृत्यु से परिवार में शोक की लहर छा गई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


