विधानसभा में नवीनीकरण कार्यों पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी का बयान, देवली-उनियारा को 17.15 करोड़ की स्वीकृति
जयपुर। उप मुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश की सड़कों के नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए बजट वर्ष 2026-27 में 1400 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है। यह राशि विशेष रूप से नॉन-पेचेबल और क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार कार्यों पर खर्च की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारस्परिक प्राथमिकता के आधार पर सड़कों और पुलियाओं का चयन कर नवीनीकरण कार्य करवाती है, ताकि आवश्यकता वाले क्षेत्रों को पहले राहत मिल सके।
देवली-उनियारा क्षेत्र को 17.15 करोड़ की स्वीकृति
प्रश्नकाल के दौरान सदस्य राजेन्द्र गुर्जर द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा में 6 सड़कों के नवीनीकरण और 15 पुलियाओं की मरम्मत के लिए 17.15 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है।
इनमें से 2 सड़कों के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 4 कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा सहित अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त सड़कों का भी प्राथमिकता के आधार पर नवीनीकरण प्रस्तावित है।
52 पुलियाएं हुईं क्षतिग्रस्त
मंत्री ने लिखित जवाब में बताया कि देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि से 12 सड़कें और 52 पुलियाएं क्षतिग्रस्त हुईं। 52 में से 15 कार्य स्वीकृत किए गए, जिनमें 1 पूर्ण और 12 प्रगतिरत हैं।
शेष 2 कार्य—स्टेट हाईवे-29 से अनवार नगर और गुराई से जेल रोड—के संबंध में विधायक की अनुशंसा पर एक कार्य निरस्त कर राशि को दूसरे कार्य में समायोजित करने का प्रस्ताव है।
एसडीआरएफ मद से भी मरम्मत कार्य
मंत्री ने सदन के पटल पर क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियाओं की मरम्मत संबंधी कार्यों का विवरण रखा। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ मद से भी विभिन्न सड़कों की मरम्मत करवाई गई है।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि वर्षा और अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त सड़कों का समयबद्ध नवीनीकरण कर आवागमन सुगम और सुरक्षित बनाया जाए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


