जलभराव की समस्या पर ईओ को सौंपा ज्ञापन, सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग
कठूमर। खेरली नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 स्थित बजरंग विहार कॉलोनी में बारिश के बाद जलभराव और बदहाल सड़क की समस्या से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है और आए दिन छोटे-बड़े हादसे होने की आशंका बनी हुई है।
गड्ढों में भरे पानी से बढ़ा खतरा
कॉलोनीवासियों के अनुसार सड़क लंबे समय से उबड़-खाबड़ है और उसमें कई बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे मोटरसाइकिल सवार अक्सर फिसलकर गिर रहे हैं। पैदल चलने वालों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ईओ को ज्ञापन देकर समाधान की मांग
समस्या के स्थायी समाधान के लिए कॉलोनीवासियों ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
प्रदर्शन की दी चेतावनी
ज्ञापन सौंपने के दौरान जगराम, समय सिंह, जितेंद्र, विश्राम चौधरी, अशोक कुमार, रामू, मुरारी शर्मा, रवि शर्मा, चंद मोहन, श्याम सिंह, खुशीराम सहित अनेक कॉलोनीवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे नगरपालिका कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


