निजी स्कूल पर कार्रवाई की चेतावनी, ग्रीष्मकालीन अवकाश में कक्षाएं मिलने पर मांगा स्पष्टीकरण
खैरथल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुडी ने 12 जून को जिला मुख्यालय स्थित इंजीनियरिंग पॉइंट स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा मौके पर उपस्थित मिले।
निरीक्षण में विद्यालय राज्य सरकार द्वारा जारी शिविरा पंचांग के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश अवधि के दौरान भी संचालित पाया गया। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा 12 के कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन सचिव अजीत कुडी ने इस जवाब पर असंतोष व्यक्त करते हुए कड़ी नाराजगी जताई और विद्यालय प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा।
सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए राज्य सरकार के अवकाश संबंधी आदेशों एवं नियमों का पालन करना अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने विद्यालय में उपस्थित छात्राओं से उनकी पिछली कक्षा में प्राप्त अंकों के बारे में जानकारी ली। अधिकांश छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त होने की बात बताई। इस पर उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि एक ओर विद्यालय प्रशासन विशेष कक्षाओं को कमजोर विद्यार्थियों के लिए बता रहा है, वहीं दूसरी ओर छात्राओं के उच्च अंक इस दावे पर सवाल खड़े करते हैं।
इसके अलावा स्कूल के स्टाफ के दैनिक उपस्थिति रजिस्टर के अवलोकन के दौरान भी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इस पर सचिव ने विद्यालय प्रशासन को सरकार के निर्देशों की अवहेलना और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यालय संचालन को लेकर फटकार लगाई तथा उच्चाधिकारियों के समक्ष स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


