ततारपुर चौराहे पर न्यायिक, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर हुई सख्ती
किशनगढ़बास। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत ततारपुर चौराहे पर न्यायिक, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने स्लीपर, लोक परिवहन और बाल वाहिनी बसों की सघन जांच की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 9 बसों के चालान किए गए और कुल 1 लाख 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देश तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र व्यास के निर्देशन में संचालित किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने किया।
जांच में मिलीं कई गंभीर खामियां
संयुक्त टीम ने ततारपुर चौराहे पर विभिन्न बसों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान राजस्थान लोक परिवहन की बसों और एक बाल वाहिनी बस में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण में कुछ बसों में बिना टिकट यात्रियों को यात्रा कराते हुए पाया गया। कई बसों में पैनिक बटन खराब मिले, आपातकालीन निकास खिड़कियां खराब अथवा अनुपस्थित थीं। इसके अलावा अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार पेटिका भी उपलब्ध नहीं मिली।
क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान राजस्थान लोक परिवहन की बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था। वहीं बाल वाहिनी बस में भी क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और चालक के केबिन तक बच्चों को भरने की स्थिति सामने आई।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने इसे यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही बताते हुए नाराजगी व्यक्त की।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संयुक्त टीम ने मौके पर ही 9 बसों के चालान किए तथा कुल 1 लाख 400 रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने बस संचालकों को सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण तत्काल उपलब्ध कराने तथा परिवहन संबंधी सभी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
अजीत कुड़ी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कृष्ण किशोर सैनी, उप निरीक्षक शिवलाल, ततारपुर थाना पुलिस का जाप्ता तथा प्राधिकरण के पीएलवी सूरजभान कछवाहा मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


