राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा प्रतिबद्धता का अभिनव उदाहरण
बहरोड़। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना के अंतर्गत कोटपूतली-बहरोड़ जिले में प्रथम शिविर का आयोजन आज नगर परिषद, बहरोड़ में किया गया। यह योजना प्रदेश सरकार की बहुउद्देशीय सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में से एक मानी जा रही है।
इस शिविर में राज्य बीमा एवं भविष्य निधि विभाग, अलवर के प्रतिनिधियों ने उपस्थित जनसमूह को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों, लोक कलाकारों और पथ विक्रेताओं के लिए है, जिनकी आयु 45 वर्ष तक है।
60 वर्ष के बाद ₹3000 प्रतिमाह पेंशन
योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के पश्चात पात्र लाभार्थियों को ₹3000 प्रतिमाह की पेंशन राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी।
आज आयोजित पंजीकरण शिविर में 41 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के अनेक पात्र लाभार्थियों ने योजना से जुड़ने के लिए पंजीकरण करवाया। शेष बचे हुए इच्छुक लाभार्थी नगर परिषद, बहरोड़ कार्यालय में नरेंद्र माथुर से कार्यदिवसों में संपर्क कर पंजीकरण करवा सकते हैं।
अगला शिविर 24 जून को नीमराणा में
इस श्रृंखला का अगला पंजीकरण शिविर दिनांक 24 जून 2025 को नगर पालिका नीमराणा में प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
आज के शिविर में ई-श्रम पंजीकरण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने में राज्य बीमा एवं भविष्य निधि विभाग, अलवर से लोकेश वशिष्ठ , कनिष्क , मनोज शर्मा, विजय शर्मा एवं सुखवीर वर्मा ने अहम भूमिका निभाई।
शिविर के सफल आयोजन में नरेंद्र माथुर का विशेष योगदान रहा।


