More
    Homeमिशन सच स्पेशलबिरसा मुंडा की 150वीं जयंती : 58 प्रतिभावान बच्चों को सम्मान, 39...

    बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती : 58 प्रतिभावान बच्चों को सम्मान, 39 परिवारों का सपना हुआ पूरा – मिला पक्का घर

    जनजातीय गौरव दिवस पर अलवर में जिला स्तरीय समारोह, बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर हुआ भव्य आयोजन

    मिशनसच न्यूज,  अलवर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित जनजातीय गौरव दिवस पर शनिवार को प्रताप ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। समारोह में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, जिला प्रभारी एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज्य स्तरीय समारोह के उद्बोधन के प्रसारण से हुई। इसके बाद प्रदर्शनी और लघु फ़िल्मों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में उनकी भूमिका से आमजन, विद्यार्थियों और महिलाओं को रूबरू कराया गया।

    राष्ट्र एवं राज्य स्तर पर विकास की बड़ी घोषणाएँ

    150वीं जयंती पर गुजरात के देदियापाडा में प्रधानमंत्री मोदी ने 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। वहीं, डूंगरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 62 करोड़ की लागत से 31 कार्यों का शिलान्यास, 25 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण तथा किसानों व छात्रों को 204 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए।

    अतिथियों के संबोधन—भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद

    केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने जनजातीय गौरव दिवस को प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण पहल बताया और बिरसा मुंडा के स्वाधीनता संग्राम में योगदान को याद किया।
    डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि इतिहास में भूले हुए महापुरुषों को देश के सामने लाने का श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है। उन्होंने आदिवासी इतिहास और मानगढ़ धाम के विकास पर भी प्रकाश डाला।
    वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा के लिए केंद्र व राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है।

    58 छात्रों को सम्मान, आदिवासी संस्कृति की प्रस्तुति आकर्षण

    जिला स्तरीय कार्यक्रम में आदिवासी समाज के 58 प्रतिभाशाली बच्चों को प्रशस्ति पत्र और बैग देकर सम्मानित किया गया।
    मुख्य वक्ता प्रो. भागीरथ प्रसाद मीणा ने आदिवासी समुदाय के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और पर्यावरण संरक्षण की परंपराओं पर विस्तृत जानकारी दी।
    मंच संचालन दिनेश शर्मा और प्रदीप पंचौली ने किया।

    39 परिवारों को मिला पक्का घर – प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली जिंदगी

    जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में जिले के 39 लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया गया।
    कठूमर व रैणी में 9-9, लक्ष्मणगढ़ में 8, राजगढ़ में 5, थानागाजी में 6 तथा मालाखेड़ा व गोविंदगढ़ में 1-1 परिवारों को पक्का घर सौंपा गया।
    लाभार्थियों ने बताया कि कच्चे घर की समस्याओं से अब उन्हें मुक्ति मिलेगी और वर्षों का सपना साकार हुआ है।

    शोभायात्रा, प्रदर्शनी और मेडिकल कैम्प रहे आकर्षण का केंद्र

    कार्यक्रम से पूर्व मोती डूंगरी स्थित राजीव गांधी पार्क से प्रताप ऑडिटोरियम तक शोभायात्रा निकाली गई, जिसका हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ जिला परिषद सीईओ सालुखे गौरव रविंद्र और नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने किया।
    महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने पोस्टर-बैनरों के माध्यम से बिरसा मुंडा की जीवनी और योगदान का संदेश दिया।

    प्रताप ऑडिटोरियम में दो दिवसीय प्रदर्शनी, राजीविका स्टॉल और मेडिकल चेकअप कैंप ने भी लोगों को आकर्षित किया।

    जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की व्यापक भागीदारी

    कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, महासिंह चौधरी, एडीएम द्वितीय योगेश डागुर, एडीएम सिटी बीना महावर, सीईओ डीपी ज़ेड सालुखे गौरव रवींद्र, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में आमजन एवं महिलाएँ उपस्थित रहीं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here