स्कूल विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देकर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
अलवर। बीएल पब्लिक स्कूल में गुरुवार को साइबर सुरक्षा एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज अनंत भंडारी रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध और उससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनंत भंडारी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में विद्यार्थियों को सतर्क रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम में हैकिंग, फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, पहचान की चोरी, साइबर बुलीइंग, वायरस अटैक और सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग जैसे अपराध शामिल हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपने मोबाइल और कंप्यूटर के पासवर्ड मजबूत रखें। पासवर्ड बनाते समय अक्षरों, अंकों और विशेष चिन्हों का मिश्रण करना चाहिए, जिससे उसे आसानी से हैक न किया जा सके।
इस दौरान साइबर एक्सपर्ट उमेश खत्री ने भी विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि मोबाइल पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक को न खोलें और न ही उसे किसी के साथ साझा करें। उन्होंने व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के लालच या प्रलोभन में आकर कोई जानकारी साझा न करें।
उन्होंने यह भी बताया कि ऑनलाइन गेम खेलते समय यदि कोई संदिग्ध लिंक प्राप्त होता है, तो उससे दूरी बनाए रखें और उसे तुरंत नजरअंदाज करें। सतर्कता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा उपाय है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है, तो वे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
अंत में विद्यालय की प्रिंसिपल सुमन बिलखा ने मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही मुख्य अतिथि जिला जज अनंत भंडारी एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा “कोर्ट वाली दीदी” नाम से एक शिकायत पेटी भी स्थापित की गई, जिसमें विद्यार्थी अपनी समस्याएं डाल सकेंगे। बाद में न्यायालय कर्मचारी पेटी खोलकर समस्याओं का निस्तारण करेंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


