More
    Homeराजस्थानअलवरबैंगनखेड़ी में जानलेवा हमला, मां-भाई पर धारदार हथियारों से वार

    बैंगनखेड़ी में जानलेवा हमला, मां-भाई पर धारदार हथियारों से वार

    साइबर फ्रॉड मामले की रंजिश में जानलेवा हमला, दोनों गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

    अलवर। जिले के जैरोली थाना क्षेत्र के बैंगनखेड़ी गांव में रविवार सुबह एक महिला और उसके बेटे पर कथित रूप से धारदार हथियारों एवं लाठियों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    परिजनों के अनुसार, घायल महिला अर्शिदा और उनका छोटा बेटा अकिल खान रविवार सुबह साइबर फ्रॉड के एक मामले में जेल में बंद मोइन खान को खाना देने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही चार लोगों ने उन्हें रोककर लाठियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

    परिवार का आरोप है कि हमले में महिला के सिर पर फरसी से वार किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। वहीं अकिल खान के साथ भी लाठियों से मारपीट की गई, जिससे उसे शरीर पर गंभीर चोटें आईं। दोनों को पहले तिजारा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

    परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

    घायल महिला के पति कमर खान ने आरोप लगाया कि उनका बेटा मोइन खान खैरथल कॉलेज का द्वितीय वर्ष का छात्र है और उसे साइबर फ्रॉड के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनका दावा है कि बेटे ने कोई साइबर फ्रॉड नहीं किया, बल्कि गांव के ही एक व्यक्ति ने कथित रूप से फ्रॉड की राशि उसके खाते में डलवाकर शिकायत कर दी, जिसके बाद यह विवाद शुरू हुआ।

    कमर खान ने यह भी आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते परिवार पर हमला कराया गया। उन्होंने कुछ लोगों पर अवैध वसूली और पुलिस से सांठगांठ जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

    फिलहाल परिवार की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here