लक्ष्मणगढ़ में सीपीआई का प्रदर्शन, चंदा चोरी की न्यायिक जांच और बढ़ती महंगाई पर सरकार को घेरा
लक्ष्मणगढ़। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की ओर से सोमवार को लक्ष्मणगढ़ में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और कथित चंदा चोरी के मामले की न्यायिक जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न मांगें उठाईं।
ज्ञापन सौंपने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के लक्ष्मणगढ़ सचिव अतर खां के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
पार्टी नेताओं का कहना था कि रोजगार के अवसरों में कमी आने से लोगों की आय प्रभावित हुई है और परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई पर नियंत्रण पाने के लिए सरकार प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही है।
ज्ञापन में देश में बढ़ते भ्रष्टाचार पर भी चिंता व्यक्त की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि आए दिन सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी के मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग भी की। उनका कहना था कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होने से दोषियों की पहचान हो सकेगी और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकेगा।
इस अवसर पर तेजपाल सैनी, राजकुमार बक्शी, मनमोहन सैनी, नूरुद्दीन खां, तुलसीराम शर्मा, इमरत खां सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


