More
    Homeराजस्थानअलवररामगढ़ में भीषण भिड़ंत, बस और ट्रक की टक्कर से मची चीख-पुकार

    रामगढ़ में भीषण भिड़ंत, बस और ट्रक की टक्कर से मची चीख-पुकार

    हादसे में 21 यात्री घायल, भीषण भिड़ंत के बाद केबिन में फंसे दोनों चालक

    रामगढ़। अलवर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर रामगढ़ कस्बे के निकट भावसिद्ध मंदिर के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों वाहनों के चालक केबिन में फंस गए।

    हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

    रामगढ़ थाना प्रभारी अजीत सिंह बड़सरा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला।

    घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार भी मौके पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। उनकी निगरानी में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल किया गया। हालांकि हादसे के कारण करीब एक घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा।

    हरियाणा रोडवेज के परिचालक आनंद प्रकाश ने बताया कि बस अलवर से गुरुग्राम जा रही थी। रामगढ़ से कुछ यात्रियों के सवार होने के बाद वह टिकट बना रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाके की आवाज आई और बस ट्रक से जा टकराई।

    हादसे में बस में सवार 21 यात्री घायल हो गए। इनमें से नौ यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। बस चालक अनिल कुमार को भी चोटें आई हैं, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

    डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और पुलिया के घुमाव को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि भावसिद्ध मंदिर के पास स्थित इस पुलिया पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ऐसे में यहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने की आवश्यकता है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here