कामां में भगवान नमिनाथ के जन्म एवं तप कल्याणक पर भक्ति, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पालना महोत्सव का हुआ आयोजन
कामां। श्री 1008 शांतिनाथ दिगम्बर दीवान जैन मंदिर में 21वें तीर्थंकर भगवान श्री 1008 नमिनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव ज्ञान विजया महिला मंडल के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार रात्रि आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के जन्मोत्सव का उत्साहपूर्वक उत्सव मनाया।
ज्ञान विजया महिला मंडल की मंत्री शोभा बड़जात्या ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भक्ति नृत्य के माध्यम से भगवान नमिनाथ के जन्म कल्याणक का भावपूर्ण मंचन किया गया। मिथिलापुरी के राजा विजय राजा के राजमहल का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसमें भगवान की माता रानी सुभद्रा की भूमिका निभाने का सौभाग्य अनिता बड़जात्या (जयपुर) को प्राप्त हुआ। उन्होंने भक्ति नृत्य प्रस्तुत करते हुए बालक नमि कुमार को पालने में झुलाकर भक्तिमय वातावरण का सृजन किया।
महिला मंडल की अध्यक्ष इन्द्रा बड़जात्या के कुशल नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मंगल बधाई गीत गाकर भगवान के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। श्रद्धालुओं ने भगवान नमि कुमार के पालने को झुलाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन (जयपुर) ने भी माता सुभद्रा के साथ भगवान नमि कुमार का श्रद्धापूर्वक पालना झुलाया और सभी श्रद्धालुओं को भगवान के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर महिला मंडल की अध्यक्ष इन्द्रा बड़जात्या ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा धार्मिक आयोजनों में निरंतर सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


