असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, पुजारी महासंघ ने की शीघ्र कार्रवाई की मांग
मिशनसच न्यूज, अलवर। शहर के जयपुर रोड स्थित बनिया का बाग मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना पर राजस्थान पुजारी महासंघ ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही महासंघ के पदाधिकारी मंदिर पहुंचे और वहां मौजूद पुजारी एवं श्रद्धालुओं से स्थिति की जानकारी ली।
पंडित विवेकानन्द शर्मा ने बताया कि यह घटना बेहद निंदनीय है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की हरकतें समाज में असंतोष फैलाने वाली हैं।
घटना के बाद पुजारी महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने आरावली विहार थाने में पहुंचकर अराजक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई तथा थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि पुलिस तुरंत प्रभाव से दोषियों को गिरफ्तार करे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शहर में लगातार चोरी और असामाजिक गतिविधियाँ बढ़ रही हैं, अब मंदिरों में मूर्तियों को नुकसान पहुँचाना अत्यंत गंभीर विषय है। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
इस अवसर पर दिनेश शर्मा, राजेन्द्र आचार्य, गोपाल पंडित, महेश चंद शर्मा, पंडित विवेकानन्द शर्मा गुरु, रघुवीर स्वामी, प्रदीप शर्मा, पं. सेवाराम, पं. खुशीराम शर्मा, श्याम सुंदर पाराशर सहित कई पुजारी संघ के सदस्य उपस्थित रहे।


