जन्म-तप कल्याणक पर भगवान सुपाश्र्वनाथ की पूजा-अर्चना, मंदिरों में गूंजे घंटे-घड़ियाल
अलवर। जैन धर्मावलंबियों के सातवें तीर्थंकर भगवान सुपाश्र्वनाथ का जन्म-तप कल्याणक शुक्रवार को अलवर के विभिन्न जैन मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर घंटे-घड़ियालों और मंगल ध्वनियों से गुंजायमान रहे तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
जैन पत्रकार महासंघ अलवर के जिला संयोजक हरीश जैन ने बताया कि प्रातःकाल भगवान का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद नित्य नियम पूजा के साथ भगवान सुपाश्र्वनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने जिनेन्द्र भक्ति के साथ जन्म-तप कल्याणक का उत्सव मनाया।
सुबह से ही जैन मंदिरों में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। महिला, पुरुष एवं युवा भक्तों ने भगवान के समक्ष पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आध्यात्मिक उन्नति और विश्व शांति की मंगलकामना की। पूरे दिन मंदिरों में भक्ति, आराधना और धार्मिक वातावरण बना रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान सुपाश्र्वनाथ के आदर्शों को स्मरण करते हुए संयम, तप, अहिंसा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक मूल्यों और नैतिक जीवन के संदेश का भी प्रसार किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

