पुलिस चौकी शुरू होने से कानून व्यवस्था होगी मजबूत, विधायक रमेश खींची ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील
कठूमर। धौलागढ़ देवी क्षेत्र के अंतर्गत बजट में घोषित भनोखर पुलिस चौकी का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कठूमर विधायक रमेश खींची ने फीता काटकर पुलिस चौकी का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रमेश खींची ने कहा कि पुलिस प्रशासन और जनता के बीच मधुर एवं बेहतर संबंध स्थापित होना जरूरी है। पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग से ही क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भनोखर में पुलिस चौकी शुरू होने से आसपास के गांवों में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा ग्रामीणों को पुलिस सहायता के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
त्वरित सहायता और बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद
विधायक ने कहा कि नई पुलिस चौकी के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच बढ़ेगी। इससे किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर पहुंचने में सुविधा होगी और आमजन को त्वरित सहायता मिल सकेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत संबंध अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सामूहिक प्रयासों से भनोखर सहित आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जताई खुशी
भनोखर में पुलिस चौकी शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में पुलिस चौकी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। चौकी शुरू होने से आसपास के गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ लोगों को पुलिस संबंधी कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी की सौगात मिलने पर विधायक रमेश खींची का आभार जताया और उम्मीद जताई कि चौकी के माध्यम से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और बेहतर होगी।
ये रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम में कठूमर सीईओ जोगेंद्र सिंह राजावत सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


