विधानसभा बयान के बाद भरतपुर में घर-घर पहुंची भाजपा, विकास कार्यों को बताया जनता की ताकत
भरतपुर। हाल ही में विधानसभा में गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भरतपुर जिले में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विरोध जताया गया तथा भरतपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी गई। भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए इसे भरतपुर की जनता का अपमान करार दिया है।
उक्त बयान के विरोध में भाजपा जिला प्रवक्ता देवेंद्र चामड़ा के नेतृत्व में जिलेभर में व्यापक जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत भरतपुर के विभिन्न गांवों, ढाणियों एवं कस्बों में घर-घर संपर्क कर आमजन को राज्य सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
जनता को बताया गया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भरतपुर में सड़कों का सुदृढ़ीकरण, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का विस्तार, विद्युत आपूर्ति में सुधार, विद्यालयों का उन्नयन, चिकित्सा सुविधाओं का सशक्तिकरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
विशेष रूप से दलित बस्तियों एवं वंचित वर्गों के बीच भी व्यापक संपर्क अभियान चलाया गया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दलित समाज के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
देवेंद्र चामड़ा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा विकास कार्यों पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। भरतपुर की जनता विकास चाहती है, टकराव नहीं।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के महामंत्री मोहित चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं और सकारात्मक राजनीति को मजबूती दें।
भाजपा पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भरतपुर की जागरूक जनता विकास के मुद्दों पर ही अपना निर्णय करेगी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से प्रभावित नहीं होगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

