अलवर. पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव में भरतपुर सांसद संजना जाटव अपनी जिला परिषद सदस्य के वार्ड संख्या 29 की रही सीट पर कांग्रेस को नहीं जितवा सकी, यहां से भाजपा प्रत्याशी मुन्नी बाई ने कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम को 1280 मतों के अंतर से हराया। वहीं मालाखेड़ा पंचायत समिति सदस्य के वार्ड संख्या 16 के उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी भोमराज ने भाजपा प्रत्याशी भरतसिंह जाट को 610 से अधिक वोटों से शिकस्त दी। कठूमर विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद वार्ड संख्या 29 में यहां से जिला परिषद सदस्य रही संजना जाटव के भरतपुर से सांसद चुने जाने पर उप चुनाव कराया गया था। उपचुनाव में मात्र 24.58 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनाव के तहत सोमवार को सुबह जिला परिषद सदस्य के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 29 (कठूमर) के लिए मतगणना बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में शुरू हुई। वहीं पंचायत समिति मालाखेडा के सदस्य के रूप में निर्वाचन क्षेत्र संख्या 16 के लिए मतगणना मालाखेड़ा में शुरू हुई। जिला परिषद सदस्य चुनाव में मतदान 24.58 प्रतिशत रहा था। जिला परिषद सदस्य के लिए कुल 47 हजार 483 मतदाताओं में से 11 हजार 672 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। वहीं पंचायत समिति सदस्य के लिए 45.73 फीसदी वोट डाले गए। दोनों ही सीटों के लिए रविवार को मतदान हुआ था, वहीं वोटों की गिनती सोमवार को हुई।
सुबह 10 बजे से पहले आ गया परिणाम
पंचायत समिति मालाखेड़ा के वार्ड संख्या 16 के उपचुनाव का परिणाम सुबह 10 बजे से पूर्व ही घोषित कर दिया गया। यहां मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी भोमराज को 1132 व भाजपा प्रत्याशी भरतसिंह जाट को 522 वोट मिले। इस तरह उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी भोमराज 610 से अधिक वोटों से विजयी घोषित किए गए।
जिला परिषद सदस्य उपचुनाव की दोपहर तक चली मतगणना
कठूमर विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य वार्ड संख्या 29 में उपचुनाव के वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरु हुई और दोपहर करीब 12 तक चली। इसके बाद उपचुनाव परिणाम घोषित किया गया। जिला परिषद सदस्य के उपचुनाव की मतगणना के शुरू में कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम भाजपा पर बढ़त बनाने में सफल रहे थे। मतगणना के शुरूआती चार राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी आगे रहे, लेकिन पांचवें राउंड की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी मुन्नी बाई ने कांग्रेस प्रत्याशी चेतराम पर बढ़त दर्ज की। इसके बाद 9 वें अंतिम राउंड तक भाजपा अपनी बढ़त बनाए रखने में बरकरार रही और उपचुनाव में जीत दर्ज कराई। यहां भाजपा प्रत्याशी को 6437 और कांग्रेस उम्मीदवार को 5157 वोट मिले। इस तरह जिला परिषद सदस्य के लिए निर्वाचन क्षेत्र संख्या 29 कठूमर में भाजपा प्रत्याशी मुन्नी बाई को 1280 मतों से विजयी घोषित किया गया।
उपचुनाव में भाजपा पड़ी भारी
अलवर जिले में पिछले करीब एक साल में हुए उपचुनाव में भाजपा कांग्रेस पर भारी पड़ी। कांग्रेस नेता जुबेर खां के आकस्मिक निधन के बाद विधानसभा क्षेत्र रामगढ़ में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह ने जीत दर्ज कराई। वहीं अब जिला परिषद सदस्य वार्ड संख्या 29 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी मुन्नी बाई ने जीत दर्ज कराई। ये दोनों सीटें भाजपा ने कांग्रेस से उपचुनाव में छीनी हैं।
सांसद संजना नहीं बचाई अपनी सीट
भरतपुर सांसद संजना जाटव पिछले जिला परिषद सदस्य चुनाव में कठूमर क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 से विजयी रही थी। बाद में लोकसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस ने भरतपुर संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया और उन्होंने जीत दर्ज कराई। संजना जाटव के सांसद बनने से यह सीट खाली हुई थी। इस पर रविवार को उपचुनाव कराया गया था। उपचुनाव में सांसद अपनी पूर्व में रही जिला परिषद सदस्य की सीट को नहीं बचा सकी और भाजपा ने यह सीट कांग्रेस से छीन ली।