ग्रामीण विकास बनेगा आत्मनिर्भर भारत की नींव | देशभर की दिग्गज हस्तियों की रही उपस्थिति
भरतपुर। 26 मार्च को सामाजिक विचारक एवं समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता तथा सीएसआर इंडिया के संस्थापक रुसेन कुमार द्वारा लिखित बहुचर्चित पुस्तक इंडिया @100: रिसर्जेंट भारत का रोडमैप 2047 का भव्य विमोचन इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक गरिमामयी राष्ट्रीय सेमिनार के दौरान किया गया। यह आयोजन केवल पुस्तक विमोचन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारत के भविष्य के विकास मॉडल पर गहन चर्चा का मंच भी बना।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु तथा विख्यात कृषि अर्थशास्त्री एवं पद्मश्री सम्मानित अशोक गुलाटी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सांसद सुधाकर सिंह, सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी विशेषज्ञ डॉ. भास्कर चटर्जी, मीडिया जगत से नलिन मेहता, डॉ. जवाहर सूरीसेट्टी एवं सचिन जेकेएस हरिताश सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियाँ शामिल हुईं।
अपने संबोधन में सुरेश प्रभु ने कहा कि भारत को 2047 तक एक समावेशी, आत्मनिर्भर और सतत विकासशील राष्ट्र बनाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने नवाचार, नीति सुधार और जनभागीदारी को विकास का आधार बताते हुए इस पुस्तक को नीति-निर्माताओं के लिए उपयोगी बताया।
वहीं अशोक गुलाटी ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत के दीर्घकालिक विकास के लिए व्यावहारिक और दूरदर्शी दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है। विशेष रूप से कृषि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता जैसे क्षेत्रों में दिए गए सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीताराम गुप्ता ने बताया कि यह पुस्तक “जीवन एवं आजीविका” के मूल सिद्धांत पर आधारित है। इसमें रोजगार सृजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल अर्थव्यवस्था, कृषि, पशुपालन, पर्यटन, जल प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है।
सह-लेखक रुसेन कुमार ने कहा कि पुस्तक में बेरोजगारी, कुपोषण, पर्यावरणीय गिरावट और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियों की पहचान कर उनके समाधान के लिए मिशन मोड में कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। उन्होंने भारत की जनसांख्यिकीय शक्ति, डिजिटल प्रगति और सांस्कृतिक विविधता को देश की सबसे बड़ी ताकत बताया।
समृद्ध भारत अभियान के स्टेट हेड पुनीत गुप्ता ने जानकारी दी कि भरतपुर जिले से जुड़े लेखकों की इस पुस्तक के विमोचन में देशभर से बुद्धिजीवियों और प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
कार्यक्रम में हेमराज गोयल, गौरव गुप्ता, नगेन्द्र सिंघल, राहुल बहती, रोहित पाल, शगुन सिंघल, सीडीपीओ महेन्द्र अवस्थी, मनीष गुप्ता, अभिषेक रंजन, ऐश्वर्या महाजन, मोनिका, विवेक प्रकाश, अरुण अरोड़ा, प्रो. रोहन वर्मा, एन.के. झा, कुमारी मनीषा, डॉ. के.के. उपाध्याय, डी. धर्मा, विष्णु मित्तल, रामेश्वर धाकड़, गोपाल ठाकुर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह पुस्तक इंडिया @100: रिसर्जेंट भारत का रोडमैप 2047 “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में उभर रही है, जो नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए एक मार्गदर्शक साबित हो सकती है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


