मजदूरी भुगतान में देरी व कार्य की कमी को लेकर श्रमिकों ने रखी समस्याएं, कांग्रेस ने संघर्ष का दिया भरोसा
मिशनसच न्यूज, कठूमर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत भरतपुर सांसद संजना जाटव मंगलवार को खोहरा, निठारी, खोह, सौंख, तुसारी और बराडा गांवों में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मनरेगा श्रमिकों से सीधा संवाद कर उनकी जमीनी समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।
संवाद के दौरान श्रमिकों ने मजदूरी का समय पर भुगतान न होने, पर्याप्त कार्य उपलब्ध न होने और कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। श्रमिकों ने बताया कि समय पर भुगतान नहीं मिलने से परिवार के भरण-पोषण में कठिनाई हो रही है।
सांसद संजना जाटव ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और गरीब परिवारों के लिए जीवनयापन का सबसे बड़ा सहारा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा, हम मनरेगा को कमजोर नहीं होने देंगे। श्रमिकों की पीड़ा, उनके सुझाव और अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से लड़ी जाएगी।
अभियान के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरिकिशन मीणा, राजवीर सिंह चौधरी, कठूमर प्रभारी सुरेश शर्मा, भूपेंद्र मैथना, पीसीसी सदस्य जयप्रकाश दीक्षित, मंडल अध्यक्ष बिजेंदर मीणा, जयप्रकाश मीना, रामवीर गुर्जर, रामहित मीणा, भूपेंद्र गुर्जर, विष्णु यादव, संजय गुर्जर, पार्षद, सरपंच नंदराम सैनी, सोशल मीडिया प्रभारी हंसराज जाटव सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों ने एकजुट होकर मनरेगा अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


