महनपुर में बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंची महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बानसूर। जिले के महनपुर क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 5:30 बजे एक युवक अपनी पत्नी को बेहोशी की हालत में कोटपूतली के बीडीएम जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के दुखेरा निवासी निकिता (21) की शादी करीब दो वर्ष पूर्व बानसूर के महनपुर गांव निवासी कृष्ण से हुई थी। रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर कृष्ण उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के भाई धर्मवीर ने पति कृष्ण पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना मिलने पर जब वे अस्पताल पहुंचे तो निकिता के गले पर निशान दिखाई दिए, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि कृष्ण पूर्व में भी दहेज को लेकर निकिता को परेशान करता था। धर्मवीर के अनुसार दो दिन पहले ही निकिता ने परिजनों से बात कर बताया था कि वह पूरी तरह स्वस्थ है और अपने कार्य में व्यस्त है।
घर में पति-पत्नी ही रहते थे
पुलिस के अनुसार कृष्ण की मां का तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है, जबकि पिता बाहर रहकर कार्य करते हैं। ऐसे में घर में केवल पति-पत्नी ही रहते थे।
थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि महनपुर में महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पीहर पक्ष की शिकायत पर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया जारी है तथा पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


