अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया ने महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण से जुड़े कानूनों पर किया मार्गदर्शन
कठूमर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के तत्वावधान में अभिभाषक सभागार कठूमर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अलवर अनंत भण्डारी तथा तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
विधिक सेवा समिति (न्यायालय अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) कठूमर की सचिव रूचि शर्मा और सहायक सचिव योगेश चौहान ने बताया कि शिविर के दौरान अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया ने उपस्थित लगभग 60 अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ कानूनी सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में अभिभाषक संघ कठूमर के अध्यक्ष सुभाष चंद्र अरूआ ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं के हित में राज्य और केंद्र सरकार तथा विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को कानूनी सहायता, सुरक्षा और सामाजिक न्याय प्रदान करना है।
इस अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के योगेश चौहान, एडिशनल एडवोकेट जनरल भुवनेश शर्मा, अधिवक्ता तेजसिंह राठी, भवानीशंकर शर्मा, सुभाष चंद शर्मा, गिरधारीलाल शर्मा, ओमवीर सिंह, श्याम सिंह चौहान, बलबीर सिंह सहित अन्य अधिवक्ता और पक्षकार उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


