एक फोन पर रक्तदान की व्यवस्था कर बचाई मरीज की जान, परिवार ने जताया आभार
अलवर। समाज सेवा और मानवता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रक्तवीर संगीता गौड़ ने एक बार फिर जरूरतमंद परिवार की मदद कर इंसानियत की मिसाल पेश की है। तालाब गांव निवासी मुकेश कुमार ने अपनी पत्नी संतरा देवी के उपचार के लिए रक्त की आवश्यकता होने पर संगीता गौड़ से संपर्क किया, जिसके बाद उन्होंने तत्काल तीन यूनिट रक्त की व्यवस्था करवाई।
जानकारी के अनुसार संतरा देवी, जो तालाब ग्राम पंचायत की सरपंच हैं, उनके बच्चेदानी के ऑपरेशन से पूर्व चिकित्सकों ने रक्त की कमी बताते हुए तीन यूनिट ब्लड की आवश्यकता बताई थी। परिजनों ने सहायता के लिए संगीता गौड़ से संपर्क किया और स्थिति से अवगत कराया।
तत्काल की रक्त व्यवस्था, मरीज की हालत में सुधार
मामले की गंभीरता को देखते हुए संगीता गौड़ ने तुरंत ब्लड बैंक से संपर्क कर आवश्यक रक्त उपलब्ध करवाया। समय पर रक्त मिलने से संतरा देवी का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और वर्तमान में उनकी तबीयत में काफी सुधार बताया जा रहा है।
मुकेश कुमार ने फोन पर संगीता गौड़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक कॉल पर मिली इस मदद को उनका परिवार कभी नहीं भूल पाएगा। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में मिली सहायता ने उनके परिवार को बड़ी राहत प्रदान की।
“यह मेरा फर्ज है” : संगीता गौड़
संगीता गौड़ ने कहा कि किसी जरूरतमंद की सहायता करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ती तो वह स्वयं रक्तदान करने के लिए भी तैयार थीं।
उन्होंने कहा, “यदि मेरे रक्त की एक-एक बूंद किसी की जान बचाने में काम आ सकती है तो इससे बड़ा सौभाग्य और कुछ नहीं हो सकता।”
रक्तदान को बताया महादान
संगीता गौड़ ने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है और जरूरत के समय यही सहायता किसी परिवार के लिए अमूल्य साबित होती है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से न केवल किसी की जान बचती है बल्कि समाज में मानवता और सेवा की भावना भी मजबूत होती है।
हजारों लोगों तक पहुंचाई रक्त सहायता
उल्लेखनीय है कि राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बालेटा की प्राचार्य एवं हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान, अलवर की जिला सचिव संगीता गौड़ अब तक 57 बार रक्तदान कर चुकी हैं।
इसके अलावा वह 19,597 जरूरतमंद लोगों को रक्त उपलब्ध करवाने तथा 20,465 से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का कार्य कर चुकी हैं। सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनका योगदान लगातार प्रेरणादायी माना जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


