अलवर में दर्दनाक हादसा, विद्यालय से लौट रही 12 वर्षीय मासूम छात्रा ने गंवाई जान
अलवर। कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय मासूम स्कूली छात्रा की मौत हो गई। जैन मंदिर के पास हुए इस हादसे का दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया, जिसके बाद घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया।

जानकारी के अनुसार मृतक बालिका छवि गावा अपनी बहन चेष्टा के साथ विद्यालय से छुट्टी के बाद ई-रिक्शा में बैठकर स्कीम नंबर 10 स्थित घर लौट रही थी। दोनों बहनें बाल भारती स्कूल में अध्ययनरत थीं। बताया जा रहा है कि जैन मंदिर के समीप ई-रिक्शा ने जैसे ही मोड़ लिया, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में मासूम छवि ई-रिक्शा के नीचे दब गई। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मासूम बालिका को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस थाना, अलवर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने शहर में बढ़ती तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर चिंता जताई है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता की ओर गंभीर संकेत दे रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

