More
    Homeराजस्थानअलवरमिनी सचिवालय पर छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, भूख...

    मिनी सचिवालय पर छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, भूख हड़ताल की चेतावनी

    सरकार से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग, मिनी सचिवालय पहुंचकर छात्रों ने सौंपा ज्ञापन; भूख हड़ताल की चेतावनी

    अलवर। प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर बुधवार को राज ऋषि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं के नेतृत्व में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर से मिनी सचिवालय तक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शीघ्र छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठाई।

    प्रदर्शन के दौरान कई छात्र बैरिकेड्स पर चढ़ गए और सरकार के विरोध में जमकर नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद छात्र प्रतिनिधियों ने प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग की।

    छात्र नेता अंकित गुर्जर और अभिषेक जायसवाल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस सरकार ने छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए और अब भाजपा सरकार भी चुनाव कराने से बच रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार छात्रसंघ चुनाव कराने से क्यों बच रही है।

    छात्र नेताओं ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने तथा शैक्षणिक संस्थानों में छात्र हितों की आवाज बुलंद करने का अवसर मिलता है। लगातार चुनाव नहीं होने से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

    प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन देने के बाद भी सरकार ने छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठेंगे। यदि आंदोलन के दौरान कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

    प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे और सभी ने एक स्वर में प्रदेश में जल्द छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग दोहराई।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here