जैन भवन में भक्ति और श्रद्धा के साथ हुआ आयोजन, चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन व शास्त्र भेंट के साथ हुआ आचार्य पूजन
अलवर। संत शिरोमणि समाधिस्थ दिगंबर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज के सुशिष्य मुनि सौम्य सागर महाराज के संघस्थ मुनि निश्चल सागर महाराज का दीक्षा दिवस शनिवार को स्कीम नंबर 10 स्थित जैन भवन में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। आयोजन में अलवर के अलावा बाहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य विद्यासागर सर्वोदय पाठशाला के दिव्य घोष के साथ मुनि संघ की मंगल अगवानी से हुई। श्रद्धालुओं ने मुनि संघ का भक्तिभाव से स्वागत कर आशीर्वाद ग्रहण किया।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ आयोजन
अहिंसामृत वर्षायोग अलवर 2026 के संयोजक अभिषेक जैन ने बताया कि जैन भवन में चातुर्मास के लिए ससंघ विराजमान मुनि सौम्य सागर महाराज के संघस्थ मुनि निश्चल सागर महाराज का दीक्षा दिवस भक्ति भाव से मनाया गया।
इस अवसर पर चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम हुए। इसके बाद आचार्य पूजन का भक्तिमय आयोजन किया गया। सरला जैन ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
श्री दिगंबर जैन अग्रवाल पंचायती मंदिर अलवर के अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन ने उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी।
मुनि निश्चल सागर महाराज ने सुनाए दीक्षा के संस्मरण
दीक्षा दिवस के अवसर पर मुनि निश्चल सागर महाराज ने अपने उद्बोधन में दीक्षा से जुड़े संस्मरण श्रद्धालुओं के साथ साझा किए। संयोजक अभिषेक जैन ने बताया कि मुनि निश्चल सागर महाराज को वर्ष 2013 में संत शिरोमणि दिगंबर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज ने दीक्षा प्रदान की थी।
मुनि सौम्य सागर महाराज ने भी इस अवसर पर अपना उद्बोधन दिया और श्रद्धालुओं को धार्मिक जीवन तथा साधना से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
जीवन विकास शिविर के प्रवेश फार्म का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान आगामी सितंबर माह में दशलक्षण पर्व के अवसर पर मुनि सौम्य सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित होने वाले जीवन विकास शिविर के प्रवेश फार्म का विमोचन भी किया गया।
प्रवेश फार्म का विमोचन अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन, नरेश जैन जयन्ती परिवार, वीरसेन जैन, सुशील जैन सीए तथा संयोजक अभिषेक जैन ने किया।
17 अगस्त को होगा ‘उधड़ते रिश्तों की तुरपाई’ कार्यक्रम
आयोजकों के अनुसार 17 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे स्थानीय जैन भवन में ‘उधड़ते रिश्तों की तुरपाई’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने इसे विशेष एवं अनूठा कार्यक्रम बताया है। इसमें श्रद्धालु अपने उपकारी व्यक्तियों का सम्मान करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन पंडित विक्रम जैन शास्त्री ने किया।
आचार्य पूजन के दौरान भक्तिभाव में डूबे श्रद्धालु
दीक्षा दिवस समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने जिनेंद्र भक्ति करते हुए मुनि संघ का आशीर्वाद ग्रहण किया। आचार्य पूजन के अवसर पर वातावरण भक्तिमय हो गया। अशोक जैन व्रती अपने परिवार सहित आचार्य पूजन के लिए पहुंचे और श्रद्धालुओं के साथ आचार्य भक्ति करते हुए पूजन में सहभागिता की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति भाव से खड़े होकर पूजन में शामिल हुए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


