रक्षाबंधन पर्व पर 700 मुनियों की आराधना, मुनि सौम्य सागर जी के प्रवचन में उमड़ेंगे श्रद्धालु
अलवर। श्रमण संस्कृति के रक्षा पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर अलवर के स्कीम नंबर 10 स्थित जैन मंदिर में शुक्रवार, 28 अगस्त को विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। चतुर्मास के लिए विराजमान मुनि सौम्य सागर जी महाराज एवं मुनि निश्चल सागर जी महाराज के सानिध्य में मुनि विष्णु कुमार की पूजा के साथ 11वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ जी का मोक्ष कल्याणक पर्व श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाएगा।
अहिंसामृत वर्षायोग-2026 अलवर के संयोजक अभिषेक जैन ने बताया कि जैन परंपरा के अनुसार 700 जैन मुनियों पर आए उपसर्ग को मुनि विष्णु कुमार ने दूर किया था। इसी प्रसंग की स्मृति में जैन धर्मावलंबियों द्वारा रक्षाबंधन पर्व मनाया जाता है। इसी क्रम में मंदिर में विशेष आराधना कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
अभिषेक और शांतिधारा से होगी शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह श्रीजी के अभिषेक एवं शांतिधारा से होगी। इसके बाद नित्य नियम पूजन संपन्न कराया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात 11वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ जी का मोक्ष कल्याणक पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर निर्वाण पूजन के साथ भगवान को निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा।
इसके बाद मुनि श्री के सानिध्य में 700 मुनियों की आराधना का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
मुनि सौम्य सागर जी के प्रवचन होंगे
कार्यक्रम के दौरान मुनि सौम्य सागर जी महाराज के प्रवचन भी होंगे। इससे पहले मुनि श्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट एवं चित्र अनावरण सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार रक्षाबंधन के इस विशेष धार्मिक आयोजन में अलवर के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
700 मुनियों की आराधना बनेगी विशेष आकर्षण
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाली 700 मुनियों की आराधना धार्मिक दृष्टि से आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। मुनि विष्णु कुमार के त्याग, साहस और धर्म रक्षा से जुड़े प्रसंग को याद करते हुए श्रद्धालु पूजा-अर्चना एवं आराधना में भाग लेंगे। मंदिर परिसर में आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

