बहादुरी से वारदात नाकाम करने वाले सिपाही का सम्मान, समृद्ध भारत अभियान ने बढ़ाया हौसला
भरतपुर। एमएसजे कॉलेज के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचे बदमाशों की योजना को अपनी बहादुरी, सूझबूझ और तत्परता से विफल करने वाले सिपाही उदयसिंह का सम्मान किया गया। समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने सिपाही उदयसिंह को पटका एवं माला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार रात के समय सुनसान सड़क पर एटीएम बूथ के अंदर से संदिग्ध गतिविधियों की आवाज सुनाई देने पर सिपाही उदयसिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना भयभीत हुए स्थिति को समझा और साहसिक कदम उठाते हुए एटीएम बूथ का शटर गिराकर अंदर मौजूद बदमाशों को बंद कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एटीएम बूथ के अंदर बंद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान तीसरे आरोपी को भी बाद में गिरफ्तार किया गया। सिपाही की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एटीएम में होने वाली लूट की वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया।
सिपाही की सूझबूझ को बताया प्रेरणादायक
सम्मान समारोह के दौरान सीताराम गुप्ता ने कहा कि सिपाही उदयसिंह ने जिस साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सूझबूझ का परिचय दिया, वह पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की ऐसी सजगता और तत्परता से अपराधियों के हौसले पस्त होते हैं तथा आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होता है।
गुप्ता ने सिपाही उदयसिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी बहादुरी की सराहना की।
समाज के लोगों ने भी की सराहना
इस अवसर पर विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता अनिल टोडवाल, अभियंता मनीष गुप्ता, तरुण गुप्ता, संस्था के पुनीत गुप्ता, समाजसेवी राजेंद्र माहुरे, कुम्हेर के सीडीपीओ महेंद्र अवस्थी, अनिल गर्ग, सचिन, राजेंद्र प्रसाद शर्मा एवं राम किशन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों ने भी सिपाही उदयसिंह की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि समय रहते सिपाही द्वारा दिखाई गई हिम्मत और सूझबूझ के कारण एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से बच गई।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


