More
    Homeराजस्थानअलवरमुनि सौम्य सागर महाराज का अलवर में भव्य मंगल प्रवेश, श्रद्धालुओं ने...

    मुनि सौम्य सागर महाराज का अलवर में भव्य मंगल प्रवेश, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

    मंगल प्रवेश के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व मंत्री संजय शर्मा ने लिया मुनि सौम्य सागर का आशीर्वाद

    अलवर। समाधिस्थ दिगम्बर जैनाचार्य संत शिरोमणि विद्यासागर महाराज के सुशिष्य मुनि सौम्य सागर महाराज ससंघ का रविवार को अलवर शहर में भव्य एवं ऐतिहासिक मंगल प्रवेश हुआ। इस अवसर पर हजारों जैन श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। धार्मिक उल्लास, भजन-कीर्तन और बैंड की मधुर स्वर लहरियों के बीच निकली शोभायात्रा शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।

    मंगल प्रवेश कार्यक्रम में अलवर सांसद एवं केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव तथा राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं अलवर शहर विधायक संजय शर्मा ने जैन भवन पहुंचकर मुनि सौम्य सागर महाराज को श्रीफल अर्पित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल ने भी संतों का सम्मान कर आशीर्वाद लिया।

    जैन पत्रकार महासंघ अलवर के जिला संयोजक हरीश जैन ने बताया कि मुनि संघ का मंगल प्रवेश कर्मचारी कॉलोनी के समीप से प्रारंभ होकर स्थानीय स्कीम नंबर-10 स्थित जैन भवन तक विशाल शोभायात्रा के रूप में निकला। शोभायात्रा में श्रद्धालु धार्मिक भजनों पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। बैंड वादकों द्वारा प्रस्तुत धार्मिक धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

    कार्यक्रम की विशेष आकर्षण आचार्य विद्यासागर सर्वोदय ज्ञान पाठशाला की अध्यापिकाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत बैंड रहा, जिसने पूरे मार्ग में बैंड वादन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही आदिनाथ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का बैंड भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।

    मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मुनि सौम्य सागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर उनका स्वागत किया। जैन भवन पहुंचने पर कलश धारण किए महिलाओं ने मंगल गीतों के साथ संतों की अगवानी की। इसके बाद पाद प्रक्षालन एवं मंदिर दर्शन के पश्चात मंगलाचरण के साथ धार्मिक सभा का आयोजन हुआ।

    सभा को संबोधित करते हुए मुनि सौम्य सागर महाराज ने धर्म, संयम और मानव जीवन के महत्व पर प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि आत्मकल्याण का मार्ग धर्म और सदाचार से होकर गुजरता है तथा जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मशुद्धि और सेवा है।

    मंगल प्रवेश के साथ ही जैन भवन में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला प्रारंभ हो गई है। प्रतिदिन प्रातःकाल श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजन तथा मुनिश्री के प्रवचन आयोजित होंगे। वहीं शाम के समय गुरु भक्ति एवं शंका समाधान कार्यक्रम होंगे। जैन भवन को आकर्षक सजावट एवं रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरे परिसर का वातावरण अत्यंत मनोहारी दिखाई दिया।

    कार्यक्रम में अलवर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मुनि संघ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here