सफलता की मिसाल: सीए बनकर हिमांशु यादव ने राठ क्षेत्र का बढ़ाया मान
अलवर। नीमराणा के होनहार युवा हिमांशु यादव ने कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनकर राठ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में सफलता मिलने के बाद परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

हिमांशु की उपलब्धि की खबर मिलते ही उन्हें बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने इसे उनकी वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
हिमांशु यादव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और अपनी निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने दिल्ली में रहकर ऑनलाइन माध्यम से सीए परीक्षा की तैयारी की और पूरे अनुशासन एवं समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में भी रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
हिमांशु का शैक्षणिक रिकॉर्ड भी शुरू से ही शानदार रहा है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के एआरएसडी कॉलेज से बी.कॉम. प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। इससे पहले सीबीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा में 9.2 सीजीपीए और 12वीं कक्षा में 94.80 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
परिवार ने जताई खुशी
हिमांशु के पिता जिला कलक्टर कार्यालय, कोटपूतली-बहरोड़ की निर्वाचन शाखा में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता राजबाला यादव गृहिणी हैं। परिवार ने इस सफलता को वर्षों की मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रतिफल बताया।
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
राठ क्षेत्र के लोगों का मानना है कि हिमांशु यादव की उपलब्धि स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने यह साबित किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए तो कठिन से कठिन परीक्षा में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

